इस बार कूपन सिस्टम से होगी किसानों की एंट्री, 15 अप्रैल से होंगी फसल की खरीद स्टार्ट
गेहूं की फसल की खरीद 15 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। गेहूं की खरीद को लेकर मार्केट कमेटी ने प्रबंध पुख्ता कर लिए हैं। ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। किसानों की सुविधा के मद्देनजर खरीद केंद्रों में भी वृद्धि की गई है। जिले में पहले 64 खरीद केंद्र थे और अब 20 अन्य खरीद केंद्रों में वृद्धि कर 84 केंद्र बनाए गए हैं। यह जानकारी डीसी अपनीत रियात ने दी।
वहीं मंडी के सचिव सुच्चा सिंह ने बताया कि पहले होशियारपुर सर्किल की 17 मंडियों में गेहूं की फसल की खरीद होती थी, अब एक मंडी और बढ़ा दी गई है। इस बार महिलांवाली इलाके में भी खरीद केंद्र स्थापित किया गया है।
यानी इस बार होशियारपुर सर्किल में 18 मंडियों में गेहूं की खरीद की जाएगी।
होशियारपुर सर्किल में यह होंगे खरीद केंद्र
होशियारपुर दाना मंडी, चब्बेवाल दाना मंडी, हरियाना दाना मंडी, शामचौरासी दाना मंडी, गढ़दीवाल दाना मंडी, नसराला दाना मंडी, नंदाचौर दाना मंडी, पंडोरी माईल दाना मंडी, मानकढेरी दाना मंडी, कंगमाई दाना मंडी, जल्लोवाल दाना मंडी, राजपुर भाईयां, फुगलाना, आराकूंटां, सीकरी चौटाला, जोहलां और महिलांवाली दाना मंडी।
पांच एजेंसियों करेंगी गेहूं की खरीद
सचिव सुच्चा सिंह ने बताया कि इस बार पांच एजेंसियों को गेहूं खरीद का अधिकार दिया गया है। इस बार पनग्रेन, मार्कफेड, वेयर हाऊस, एफसीआइ और पनसप खरीद एजेंसियां गेहूं की खरीद करेंगी। इस दौरान खरीद एजेंसियों को सबसे अधिक ध्यान सोशल डिस्टेंसिग का ध्यान रखना होगा और सबसे अहम बात यह कि इस बार लोडिग अन लोडिग का पूरा प्रबंध किया जाएगा। फिजिकल डिस्टेंसिंग का होगा पालन
यदि लोडिग व अन लोडिग में कमी पाई गई तो सोशल डिस्टेंसिग का पालन नहीं हो पाएगा और मंडी में रश बना रहेगा। वहीं मंडी बोर्ड को इस बार इस बात भी ध्यान रखना होगा कि जो सीधा गेहूं मंडी से खरीदते हैं, उनका डिस्टेंस रखते रहें। इसके लिए मंडी बोर्ड प्रबंध कर रहा है। इन लोगों के लिए अलग से काउंटरों की व्यवस्था की जा रही है। सचिव ने बताया कि किसानों के लिए पर्ची सिस्टम भी लागू किया जाएगा।
रात को मंडी में गेहूं ला पाएंगे किसान
सभी खरीद केंद्रों में चारों तरफ मास्ट लाइटें लगा दी गई हैं। रात को भी मंडी में गेहूं की आमद पर कोई रोक नहीं होगी। किसानों को संदेश दिया गया है कि मुंह पर मास्क जरूर लगाएं। मंडी में समय-समय पर किसानों के हाथों को सैनिटाइज किया जाएगा। पंजाब में कर्फ्यू के चलते किसानों की चाय नाश्ते का सारा प्रबंध मार्केट कमेटी की तरफ से किया जाएगा। रात में भी किसान गेहूं ला सकता है।
किसानों की रोजाना होगी स्क्रीनिंग
डीसी अपनीत रियात ने बताया कि गेहूं की खरीद यकीनी बनाई जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए 20 खरीद केंद्र ज्यादा बनाए गए हैं। गेहूं के इस सीजन के दौरान करीब तीन लाख 20 हजार मीट्रिक टन गेहूं मंडियों में आने की संभावना है, जबकि पिछले वर्ष दो लाख 91 हजार 481 मीट्रिक टन गेहूं की आमद हुई थी। इस सीजन में गेहूं की खरीद के समय मंडियों में कूपन सिस्टम के माध्यम से किसानों की एंट्री होगी। हर मंडी में स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से काम करने वालों की स्क्रीनिग की जाएगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें