तहसीलदार कार्यालय में पदस्थ 20 हजार की रिश्वत के साथ दबोचा
ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर की टीम ने आज भिंड मौ के तहसीलदार कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को बीस हजार रूपये की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। बाबू श्रीकृष्ण शर्मा उर्फ बोहरे ने फरियादी हरीसिंह को जमीन नामांतरण को लेकर बीस हजार रूपये की रिश्वत मांगी थी।
एसपी लोकायुक्त संजीव सिन्हा ने बताया कि आवेदक हरीसिंह राणा ने लोकायुक्त कार्यालय आकर शिकायत दर्ज कराई कि उसे एक जमीन का नामांतरण कराने को लेकर तहसीलदार कार्यालय का बाबू श्रीकृष्ण शर्मा उर्फ बोहरे 30 हजार रूपये की रिश्वत मांग रहा था। बाबू से बीस हजार रूपये में सौदा तय हुआ। बाबू श्रीकृष्ण शर्मा आज ग्वालियर स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम में अपनी आंख का उपचार कराने आया हुआ था। फरियादी हरीसिंह राणा से आज जीवन ज्योति नर्सिंग होम पर बुलाया था। जहां श्रीकृष्ण पहले से ही फरियादी हरीसिंह का इंतजार कर रहा था। जैसे ही हरीसिंह ने श्रीकृष्ण को रंग लगे हुये बीस हजार रूपये हाथ में थमाये वैसे ही पास ही खडी लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। बताया जाता है कि हरीसिंह ने जैसे ही लेन देन पूरा होते ही इशारा किया वैसे ही कुछ भांप कर श्रीकृष्ण मौके से भागने लगा तभी वहां तैनात खडी टीम के सदस्यों ने उसका पीछा कर दबोच लिया। वहीं उसकी जेब में रखे रूपयों के लगे रंगों के चलते हाथों को धुलवाया। उसके हाथों से गुलाबी रंग हो गया। पुलिस ने आरोपी बाबू श्रीकृष्ण के विरूद्ध भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें