'नगरपालिका प्रदर्शन सूचकांक': किसने किया टॉप? देखें,
केंद्र सरकार के 'नगरपालिका प्रदर्शन सूचकांक' (Municipal Performance Index) में 10 लाख से कम आबादी वाली श्रेणी में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) को पहला स्थान मिला है। एनडीएमसी के तहत राजधानी के हाई सिक्योरिटी वाले लुटियन जोन समेत कई प्रमुख इलाके आते हैं।
केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा गुरुवार को जारी सूचकांक के मुताबिक, 10 लाख से ज्यादा आबादी की श्रेणी में इंदौर को पहला स्थान मिला है, जबकि दक्षिणी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली को 51 शहरों में से क्रमश: 28वां, 42वां और 48वां स्थान मिला है।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद को 10 लाख से कम आबादी की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
वहीं, 10 लाख से ज्यादा आबादी की श्रेणी में शामिल 51 नगर निकायों में से दूसरा स्थान सूरत और तीसरा स्थान भोपाल ने हासिल किया। पिंपरी चिंचवाड़, पुणे, अहमदाबाद, रायपुर, ग्रेटर मुंबई, विशाखापत्तनम और वडोदरा इस श्रेणी में शीर्ष 10 स्थान पर रहे।
दिल्ली के पड़ोसी शहरों जैसे गाजियाबाद, चंडीगढ़, आगरा और फरीदाबाद की नगरपालिकाओं को क्रमश: 20वां, 23वां, 24वां और 40वां स्थान मिला। दस लाख से ज्यादा आबादी की श्रेणी के नगरपालिका प्रदर्शन सूचकांक में गुवाहाटी सबसे आखिरी स्थान पर रहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें