ग्वालियर में लापरवाहाें पर सख्ती का रिकॉर्ड: एक दिन में तीन हजार चालान,16 दुकानें सील, 21 एफआइआर



 Gwalior Corona Alert News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। कोरोना के रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े और उर्जा विभाग के प्रमुख सचिव के 24 घंटे पहले दिए गए सख्ती के निर्देश के बाद जिला प्रशासन-पुलिस ने सड़कों पर उतर सख्ती का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंगलवार को आम दिनों से पांच गुना ज्यादा 2998 रिकॉर्ड तोड़ चालान हुए। तीन लाख जुर्माना राशि वसूल की गई। वहीं शराब दुकान,कपड़ा प्रतिष्ठान से लेकर किराना दुकानों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन हाेता पाए जाने पर सील करने की कार्रवाई की गई। कुल 16 प्रतिष्ठानों काे सील किया गया। कोरोना गाइडलाइन का पालन न करने वाले 21 लोगों पर एफआइआर दर्ज कराई गई। यह जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई है।

1200 चालान इसमें पुलिस के हैं। कोरोना नियंत्रण की रोकथाम के लिए अपील-चेतावनी से काम नहीं चल रहा है, क्योंकि लोग नहीं मान रहे हैं,यही कारण है कि लगातार और सख्ती बढ़ाई जाएगी।

एसडीएम लश्करः एसडीएम लश्कर और इंसीडेंट कमांडर अनिल बनवारिया ने पांच दुकानें सील कर एक पर एफआइआर दर्ज करा दी। बाड़ा पर शासकीय प्रेस के पास शराब दुकान को सील कर दिया गया। इसके पास ही राजेश कुशवाह की कपड़ा दुकान को सील कर राजेश पर कोतवाली थाने में धारा 188 के तहत मुकदमा कायम कराया गया। मोर बाजार में मावा दुकान नं 67 को कोरोना गाइडलाइन न पालन करने पर सील किया गया। फालका बाजार में दीपू इंटरप्राइजेज को सील किया गया। छप्पर वाले पुल पर ऑटो पार्टस दुकान राजेश इंटरप्राइजेज को सील किया गया। बाड़ा क्षेत्र में बिना मास्क वालों के कुल 104 चालान काटे गए।

एसडीएम मुरारः एसडीएम मुरार और इंसीडेंट कमांडर पुष्पा पुषाम ने तीन प्रतिष्ठानों को सील किया। मुरार में होटल नारायणम के पास स्थित शराब दुकान, बाबा इंटरप्राइजेज और टेंट दुकान को सील किया। इंसीडेंट कमांडर के साथ आरआइ हरनाम सिंह,पटवारी संजय गुप्ता,राजेश राठौर,ज्ञान सिंह राजपूत की टीम ने 56 चालान काटकर 4700 रूपये की राशि वसूली।

एसडीएम ग्वालियर सिटीः एसडीएम व इंसीडेंट कमांडर प्रदीप तोमर ने 204 चालान बिना मास्क वालों के काटे और बहोड़ापुर क्षेत्र में बंद के आदेश के बाद खुली होने पर गालव जिम को सील किया। इसके साथ ही एक किराना की दुकान को भी कोरोना गाइडलाइन का पालन न करने पर सील कर दिया।

एसडीएम ग्रामीणः एसडीएम ग्रामीण व इंसीडेंट कमांडर एचवी शर्मा ने बिना मास्क के घूम रहे 54 लोगों पर चालानी कार्रवाई की। कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन कर रहे संक्रमित व्यक्ति के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई गई। थाटीपुर क्षेत्र में एनाउंसमेंट कर दुकानदारों को चेताया गया।

एडीएम ने मारा छापा,सील की दुकानः एडीएम रिंकेश वैश्य ने फूलबाग पर टीलाजी कैफे पर छापा मारा और सील कराया। यहां कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा था और कैफे में भीड़ थी। एडीएम ने इस घटनाक्रम का वीडियो भी बनवाया।

47 लोग पहुंचे खुली जेल,लिखे निबंधः जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव सिंह ने शहर भर में अलग-अलग जगहों पर बिना मास्क के घूमने वाले 47 लोगों को रूप सिंह स्टेडियम स्थित खुली जेल में पहुंचाया। यहां लाेगाें से निबंध भी लिखवाए गए। वहीं यमराज की वेशभूषा में घुमाए जा रहे कलाकारों से लोगों को चेतावनी भी दिलाई।

वर्जन-

कोरोना नियंत्रण के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। लगातार अपील और चेतावनी के बाद भी जो लोग, प्रतिष्ठान, दुकानें या कोई भी दफ्तर हो,उस पर काेराेना गाइड लाइन का उल्लंघन हाेता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। इंसीडेंट कमांडरों को सख्ती से कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। सहयोग न मिलने की स्थिति में रोज इसी तरह कार्रवाई होगी।

कौशलेंद्र विक्रम सिंह,कलेक्टर

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

किसानों को खाद वितरण व्यवस्था के दौरान नहीं आए परेशानी अम्बाह--एसडीएम

नेहरू पार्क अम्बाह में हरे वृक्षों के काटने के मामले सहित नाला सफाई में भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस कमेटी ने दिया ज्ञापन

अम्बाह, युवा नेता एवं विधायक कमलेश जाटव के पुत्र डाॅ. गिर्राज जाटव ने किया सिबिल अस्पताल का निरीक्षण