इंदौर में भाजपा नेता के बेटे ने कार से 20 लोगों को मारी टक्कर
भाजपा नेत्री फिरदौस पटेल के बेटे फैजान ने मंगलवार रात नशे में कार से 20 लोगों को टक्कर मारी। आरोपित आजाद नगर से आकाशवाणी केंद्र, पानी की टंकी होते हुए रानीपुरा तक लोगों को घायल करता रहा। पुलिस ने 20 किमी तक पीछा किया, लेकिन हाथ नहीं आया। देर रात इंदौर, देवास और शाजापुर पुलिस को अलर्ट किया गया। आरोपित के खिलाफ मानव वध का केस दर्ज किया गया है। वह गुंडे साजिद चंदनवाला का भांजा है। एसपी (पूर्वी) आशुतोष बागरी के मुताबिक घटना की शुरुआत रात करीब 11 बजे गणेश चौक से हुई। नशे में धुत फैजान पुत्र इशाक पटेल ने सफेद रंग की कार (एमपी 09 सीई 6481) से मोहम्मद अलमास पुत्र मुमताज के दोनों पैर पर कार चढ़ा दी।
भीड़ पीछा करती रही, वो कार दौड़ाता रहा
पुलिस के मुताबिक फैजान नशे का आदी है। मोहम्मदी मस्जिद के पास बाइक सवार फरवान को टक्कर मारी थी। उसने गाड़ी रोकी तो फैजान ने चाकू और बेसबाल का बल्ला निकाल लिया। कुछ लोग दौड़ते हुए आए और कहा वह उन्हें भी टक्कर मारकर आया है। आरोपित कार लेकर भागा और सादिक नामक युवक को रौंद डाला। उसने कार रिवर्स लेकर दौबारा टक्कर मारी। यहां से हुसैनी मस्जिद की ओर निकला।
मोबाइल घर पर मिला, देवास नाका मिली लोकेशन
सूचना मिलते ही एसपी आशुतोष बागरी, सीएसपी निहित उपाध्याय व टीआइ मनीष डाबर ने फैजान की घेराबंदी करवाई। साइबर एक्सपर्ट की मदद से मोबाइल की लोकेशन निकाली तो घर की मिली। पुलिस ने पीछा किया तो पता चला फैजान रोबोट चौराहा, खजराना होते हुए देवास नाका की तरफ भागा है। देर रात देवास और शाजापुर पुलिस को भी अलर्ट कर दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें