ग्वालियर: रातभर पुलिस तलाशती रही, सहेली के घर पलंग के नीचे सो गई आठ साल की बच्ची
ग्वालियर, गदाईपुरा से शनिवार की शाम रामलखन राठौर की आठ साल की बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। बच्ची घर से खेलने के लिए निकली थी, लेकिन रात तक लौटकर नहीं आई। इसके बाद पिता ने बच्ची के गायब होने की सूचना हजीरा थाना पुलिस को दी। हजीरा थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस ने तत्काल अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रात में बच्ची की तलाश शुरू कर दी। तड़के बच्ची को लेकर एक महिला थाने पहुंच गई। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी के साथ ये बच्ची खेलने के लिए घर आ गई थी और रात में न जाने कब पलंग के नीचे सो गई।
जमानत पर छूटने के बाद कट्टा लेकर घूम रहे युवक को पकड़ा: गोला का मंदिर थाना पुलिस ने मोनू उर्फ संदीप पुत्र सुरेश रजक निवासी नदी पार टाल को शनिवार की रात को 315 बोर के कट्टे के साथ पकड़ा है। आरोपित ने एक दिन पहले ही धारदार हथियार के साथ पकड़ा था। आरोपित जमानत पर छूटने के बाद देसी कट्टा लहरा रहा था। क्षेत्र के लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कट्टे के साथ मोनू को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। रायफल व 1 कारतूस के साथ बिजौली थाना पुलिस ने बिल्हेटी रोड से लाखन निवासी मायाराम को पकड़ा है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें