इंडिया बनाम इंग्लैंड मैच में लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी
भारतीय कप्तान विराट कोहली (73*) और डेब्यू बल्लेबाज ईशान किशन (56) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने दूसरे टी-20 में इंग्लैंड को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीता और इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर्स में छह विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। जवाब में भारत ने 13 गेंदें शेष रहते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत की इस जीत के साथ ही मैच में कई रिकॉर्ड भी बने।
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मैच में 49 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 73 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 3000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
विराट कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान 12000 रन बनाने वाले दुनिया के तीसरे कप्तान बन गए। ऑस्ट्रेलिया के दिग्जज कप्तान रिकी पोंटिंग ने बतौर कप्तान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15440 रन बनाए हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ के बतौर कप्तान 14878 रन हैं।
इसके साथ ही वह बतौर कप्तान सबसे तेज 12000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने पोंटिंग और स्मिथ को भी पछाड़ दिया। विराट ने 226 पारियों में यह कमाल कर दिखाया है। वहीं, पोंटिंग ने बतौर कप्तान 12000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के लिए 282 पारियों का सहारा लिया था, जबकि स्मिथ ने 293 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
वहीं, टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज ईशान किशन ने अपने डेब्यू मैच में शानदार पारी खेली। उन्होंने चौके-छक्के की बरसात करते हुए 28 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा। उन्होंने छक्के के साथ अपना अर्धशतक भी पूरा किया। इशान ने कुल 32 गेंदों में 56 रन की शानदार अर्धशकीय पारी खेली। इसके साथ ही वह भारत की तरफ से डेब्यू टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक लगाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए।
56 रन की शानदार पारी के दौरान ईशान किशन ने चार छक्के लगाए। टी-20 डेब्यू में यह कमाल करने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। बता दें कि ईशान ने 10वें ओवर (आदिल राशिद) की पहली व दूसरी गेंद पर लगातार दो छक्के लगाए।
टी-20 में सबसे ज्यादा 50 या उससे अधिक स्कोर करने के मामले में विराट कोहली (26) ने रोहित शर्मा (25) को पीछे छोड़ दिया। बता दें कि विराट कोहली ने 14.3 ओवर में छक्के के साथ अपना 26वां अर्धशतक पूरा किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें