ग्वालियर : इमली से लदे ट्रक से 30 किलो गांजा जब्त, चालक सहित तीन युवक गिरफ्तार
जारौसी की घाटी के पास से क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार की रात को इमली से लदे ट्रक से 30 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने चालक दिनेश उर्फ देवा रावत सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक सहित गांजा जब्त कर लिया है। जब्त गांजे की कीमत तीन लाख रुपये के लगभग बताई गई है। यह गांजा इमली के बैगों के बीच छिपाकर गोराघाट दतिया से शहर में लाया जा रहा था।
क्राइम ब्रांच पदस्थ उपनिरीक्षक नितिन छिल्लर को बुधवार की रात को सूचना मिली कि दतिया जिले के गोराघाट से एक ट्रक के माध्यम से नशीला पदार्थ गांजा तस्करी कर तीन युवक ला रहे हैं।
इस सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराकर जौरासी की घाटी पर चेकिंग प्वाइंट लगाया गया। चेकिंग के दौरान राजस्थान में रजिस्टर्ड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में साढ़े पांच सौ के लगभग इमली के बैग रखे हुए थे। ट्रक की तलाशी लेने पर तीन बोरी गांजा मिला।
इन तीनों बोरियों में तीस किलो गांजा मिला। जब्त गांजे की कीमत तीन लाख रुपये के लगभग बताई गई है। पुलिस ने गांजे की तस्करी के आरोप में चालक दिनेश उर्फ देवा रावत पुत्र महेश रावत निवासी ग्राम कोटरा गोराघाट जिला दतिया, विनोद पुत्र सियाशरण रावत निवासी बड़ोनी जिला दतिया व दिनेश पुत्र कमल सिंह पाल निवासी बडोनी कला गोराघाट जिला दतिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया है। आरोपित से पुलिस पूछताछ कर पता लगा रही है कि गांजा शहर में कहां पहुंचाना था। थाटीपुर थाना क्षेत्र से बड़े पैमाने पर गांजे की तस्करी की जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें