आगरा: दहेज न मिलने पर तोड़ा रिश्ता, फोन पर मंगेतर बोला- तुम फांसी लगा लो..., युवती ने दे दी जान
आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में गुरुवार को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मंगेतर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि युवती का रिश्ता तय हो गया था। निकाह से पहले ससुरालियों ने तीन लाख रुपये और बाइक की मांग की। रुपयों का इंतजाम नहीं होने की वजह से रिश्ता तोड़ दिया। मंगेतर का कॉल आने के बाद युवती ने आत्महत्या कर ली।
थाना जगदीशपुरा के श्याम नगर निवासी रूबीना (22) ने मंगलवार शाम को घर में ही फांसी लगा ली थी। परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार सुबह रूबीना की मौत हो गई थी।
रूबीना की मां अपना मकान गिरवीं रखकर रुपये का इंतजाम करने में लगीं। इसी बीच लॉकडाउन लग गया। वो अपने घर को गिरवी नहीं रख सकी। आरोप है कि लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। चार मई को मंगेतर का उनकी बेटी के पास फोन आया।
'तुम फांसी लगा लो, मैं भी तीन मंजिल से कूद रहा हूं'
मंगेतर ने कहा कि घर वाले रिश्ता करने से मना कर रहे हैं। इसलिए फांसी लगा लो, मैं भी तीन मंजिल से कूद रहा हूं। इस पर उनकी बेटी रूबीना ने कमरे में जाकर पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। मंगेतर ने रूबीना के भाई को फोन करके इसकी जानकारी दी थी। उसे गंभीर हालत में फंदे से नीचे उतारा। मगर, उसकी मौत हो गई।
थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि रूबीना की मां शमीना ने तहरीर दी थी। इस पर मंगेतर खैरून सहित पांच नामजद के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें